प्लांट से लेकर गांव-शहर तक गूंजा देवशिल्पी का जयकारा, लोगों ने वाहनों और उपकरणों की करी विधिवत पूजा
VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : निर्माण एवं सृजन के देवता, देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा के पूजनोत्सव की अद्भुत छटा इस्पातनगरी बोकारो और इससे सटे तमाम औद्योगिक क्षेत्रों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिली। एशिया महादेश के सबसे बड़े इस्पात कारखाने बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के साथ-साथ बियाडा (BIADA) औद्योगिक क्षेत्र तथा जिले भर के छोटे-बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में इस वार्षिक पर्व की जबरदस्त धूम रही। इस पावन अवसर पर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक भव्य पंडाल सजाए गए और मेलों का आयोजन किया गया, जिसने पूजा को एक विशाल जन-महोत्सव का रूप दे दिया। कारखानों के अलावा वाहन शोरूम, परिवहन व्यवसायियों और आम नागरिकों ने सुबह से ही अपने वाहनों, यंत्रों और औजारों की साफ-सफाई कर वैदिक विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की आराधना की। इस महाउत्सव का सीधा असर शहर के बाजार पर भी दिखा, जहां नामी मिठाई दुकानों ने सिर्फ एक ही दिन में लाखों-लाख रुपये का बंपर कारोबार किया और पार्सल पैकेटों की रिकॉर्ड बिक्री हुई।

खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq
BSL में निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन व अधिशासी निदेशकों ने टेका माथा, मशीनों के सुरक्षित परिचालन की मांगी मन्नत
बोकारो स्टील प्लांट परिसर में वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार पूरे धार्मिक उत्साह और निष्ठा के साथ विश्वकर्मा पूजा संपन्न हुई। संयंत्र के अलग-अलग विभागों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने मशीनों को फूलों व रोशनियों से सजाकर उनकी पूजा की और प्लांट के सुरक्षित व सफल परिचालन की प्रार्थना की। BSL के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन तथा विभिन्न विभागों के अधिशासी निदेशकों ने अपने वरिष्ठ सहयोगियों के साथ प्लांट और नगर परिसर के कई पूजा पंडालों में जाकर भगवान विश्वकर्मा के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान गैर-संकार्य विभागों में एविएशन, सेक्टर-3 वाटर टावर, बोकारो जनरल अस्पताल (BGH), एचआरडी वर्कशॉप, वित्त एवं लेखा तथा माइंस विभाग में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जहां शीर्ष अधिकारियों ने उपस्थित होकर सभी कर्मचारियों को पूजा की शुभकामनाएं दीं।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
कोक ओवन से लेकर CRM-3 तक भक्ति का सैलाब, स्कूलों और निजी संस्थाओं में भी छाया उल्लास
संयंत्र परिसर के भीतर स्थित मुख्य अग्निशमन केंद्र, कोक ओवन्स, ब्लास्ट फर्नेस, आरएमपी, सिंटर प्लांट, ट्रैफिक, एसएमएस-न्यू, हॉट स्ट्रिप मिल, कोल्ड रोलिंग मिल (CRM-1, 2 एवं 3), बीपीएससीएल, वाटर मैनेजमेंट, मशीन शॉप और एचआरसीएफ सहित दर्जनों प्रमुख विभागों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। इन स्थानों पर आसपास के विभागों के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में एकत्र हुए और भगवान विश्वकर्मा की महाआरती में भाग लिया। प्लांट के अलावा बोकारो जिले के विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों, ऑटोमोबाइल वर्कशॉप्स, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और स्कूलों में भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी भक्ति, तकनीकी आस्था और उल्लास का ऐसा अनूठा संगम दिखा, जिसने पूरे इस्पात अंचल को उत्सवमय बना दिया।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
