बोकारो। मैदान पर मुकाबला बराबरी का, खिलाड़ियों के तेवर आक्रामक और दर्शकों की धड़कनें तेज। हर शॉट के साथ रोमांच बढ़ता गया और निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई फैसला नहीं हो सका। आखिरकार मुकाबला टाईब्रेकर तक पहुंचा और यहीं एक्स आर्मी बॉयज ए ने बाजी मारते हुए सोरेन एंड यूनाइटेड बोकारो को 3-2 से हराकर 30वें कोल्हान फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
बोकारो के बिरसा बासा मैदान पर चल रहे पांच दिवसीय 30वें कोल्हान फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को फुटबॉल प्रेमियों को जबरदस्त मुकाबलों का रोमांच देखने को मिला। 13 से 17 सितंबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें खिताब पर कब्जा जमाने के लिए मैदान में उतरी हैं। दूसरे दिन आठ टीमों के बीच मुकाबले हुए, लेकिन दिन का अंतिम मैच सबसे ज्यादा चर्चा बटोर ले गया।
दिन के अंतिम मुकाबले में एक्स आर्मी बॉयज ए और सोरेन एंड यूनाइटेड बोकारो आमने-सामने थे। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन किया। एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार दबाव बनाने के बावजूद निर्धारित समय में किसी टीम को निर्णायक बढ़त नहीं मिल सकी।
मैच का फैसला जब टाईब्रेकर से कराने की नौबत आई तो मैदान का रोमांच चरम पर पहुंच गया। खिलाड़ियों पर दबाव था और दर्शकों की निगाहें हर शॉट पर टिकी थीं। अंततः एक्स आर्मी बॉयज ए ने टाईब्रेकर में 3-2 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया। जीत के साथ ही टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
मैदान पर पहुंचे डिजिटल इन्फ्लुएंसर विवेक नोवी
दूसरे दिन के मुकाबलों में बोकारो के चर्चित डिजिटल इन्फ्लुएंसर विवेक नोवी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतरीन खेल के लिए खिलाड़ियों की सराहना की। उनके साथ शिक्षक राम सर, अमित सर, बिमल सर और उपेंद्र सर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय लिया तथा खेल भावना के साथ मैदान पर उतरने के लिए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
आयोजन में पूरी टीम रही मुस्तैद
टूर्नामेंट को सफल बनाने में कोल्हान स्पोर्टिंग क्लब के पदाधिकारी और सदस्य लगातार सक्रिय रहे। क्लब के अध्यक्ष रावल लेयांगी, सचिव दीपक सवैया, कोषाध्यक्ष डीसीग सुरीन, सलाहकार रेंगो बिरुवा के अलावा मनोज मेलगांडि, गोपाल हंसदा, रामदु मुर्मू सहित क्लब के सभी सदस्य आयोजन व्यवस्था में जुटे रहे। मैचों के निष्पक्ष संचालन में रेफरी सुनील उगुरसांडी, झरी लाल पात्रा, सुनील पिंगुवा, मनीष ढोडराई और मनोज मछुआ की भूमिका रही। वहीं, आयोजन को भव्य बनाने में सूरज सुरीन, शशि जारीका, राजा सिंग, लालू ओड़िया, अर्जुन बिरूली, शैलेन, प्रिंस, समीर, महेश, ऋतिक, सिकंदर, लेफ्टन, समीर उरांव, अंकित, राकेश, सन्नी, बिट्टू, अमनदीप और नाश सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और दर्शकों की सक्रिय भागीदारी रही।
पांच दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की 32 टीमें खिताब के लिए अपना दमखम दिखा रही हैं। जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, टूर्नामेंट का रोमांच भी लगातार बढ़ता जा रहा है। एक्स आर्मी बॉयज ए की सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री ने अब खिताबी मुकाबले की तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया है।
