स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि : उपायुक्त
बोकारो ः बोकारो के इंडियन रेडक्रॉस सभागार में मंगलवार को स्व. डॉ. यू. मोहंती की स्मृति में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. डॉ. मोहंती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन और सिविल सर्जन डॉ. ए. बी. प्रसाद समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें नम न आंखों से श्रद्धांजलि दी।
शिविर को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री झा ने कहा कि स्व. डॉ. यू. मोहंती बोकारो की एक बहुत बड़ी शख्सियत और स्वास्थ्य क्षेत्र की एक महान विभूति थे। उनके निधन से जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा खालीपन उत्पन्न हो गया है। बोकारो की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक बेहतर, सुदृढ़ और जनोपयोगी बनाने के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति हम सभी की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उपायुक्त ने डाॉ. मोहंती के साथ अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं।
उक्त रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में आम लोगों ने स्वेच्छा से आगे आकर रक्तदान किया और डॉ. मोहंती को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बोकारो ब्लड डोनर्स एसोसियसन, बोकारो रक्तवीर परिवार एवं प्रगति सेवा आश्रम के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में मनोज कुमार, संजय शर्मा, महताब अली अहमद, हामिद खान, प्रगति शंकर, शशिकांत विश्वकर्मा, रजनीश तिवारी, राजकुमार, मोज़ीबा, रंजन, सुभाष, ब्रह्मदेव, ज्योति प्रकाश द्विवेदी सहित अन्य लोगों का योगदान सराहनीय रहा। अंत में डॉ मैथली ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने इस मानवीय कार्य के लिए सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र तथा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।
डॉ. यू. मोहंती की याद में दर्जनों लोगों ने किए रक्तदान
