बोकारो में सजेगी मिथिलांचल की सांस्कृतिक महफिल, 21-22 नवंबर को होगा 59वां विद्यापति स्मृति पर्व समारोह, तैयारियां जोरों पर

Mithila Varnan

गीत-संगीत और नाट्य-मंचन से कलाकार बांधेंगे समां, कार्यकारिणी की हुई बैठक

राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों के गीत-संगीत और नाटक ‘एक कमल नोर मे’ से सजेगा मंच; मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान

VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO
: इस्पातनगरी बोकारो में मिथिला-मैथिली भाषियों की अग्रणी एवं प्रतिष्ठित संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद की ओर से आगामी 21 एवं 22 नवंबर 2026 को दो-दिवसीय 59वेंविद्यापति स्मृति पर्व समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। परिषद की ओर से सेक्टर – 4ई में संचालित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मिथिलांचल की सांस्कृतिक और पारंपरिक छटा देखने को मिलेगी। कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य रूप देने को लेकर परिषद कार्यकारिणी एवं समाज के गणमान्यजनों की बैठक मिथिला एकेडमी में हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने समारोह के सफल आयोजन में सबकी सहभागिता महत्वपूर्ण बताई। महासचिव नीरज चौधरी ने कहा कि इस वर्ष का आयोजन भी अपने-आप में खास होगा। समारोह के पहले दिन राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित ख्यातिलब्ध कलाकारों द्वारा पारंपरिक व कर्णप्रिय गीत-संगीत के विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें मधुबनी (बिहार) से गायक अरविंद सिंह व गायिका वर्षा झा एवं दिल्ली से आमंत्रित सोनी चौधरी शामिल हैं। जबकि, सांस्कृतिक सत्र का मंच संचालन जाने-माने उद्घोषक राजीव कुमार झा (दिल्ली) अपने चिर-परिचित प्रभावशाली अंदाज में करेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशक अरुण पाठक ने बताया कि समारोह के दूसरे दिन स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी, जिसके उपरांत नाटक का मंचन पूरे समारोह के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। समारोह के दूसरे दिन मिथिला के सुप्रसिद्ध नाटककार महेंद्र मलंगिया द्वारा लिखित कालजयी मैथिली नाटक ‘एक कमल नोर मे’ का भव्य मंचन किया जाएगा। इस विशेष नाट्‌य-प्रस्तुति का निर्देशन बोकारो के वरिष्ठ एवं सिद्धहस्त रंगकर्मी सुनील मोहन ठाकुर कर रहे हैं। बैठक में कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से समारोह के दौरान प्रतिभा-सम्मान का भी निर्णय लिया। मिथिला समाज के वैसे होनहार बच्चों एवं युवाओं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से समाज एवं बोकारो को गौरवान्वित किया है, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष व महासचिव के अलावा मुख्य रूप से निदेशक मंडल सदस्य कृष्ण चन्द्र झा व विजय कुमार झा, वित्त सचिव मिहिर मोहन ठाकुर, सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशक अरुण पाठक, मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के उपाध्यक्ष बटोही कुमर, संयुक्त सचिव सुनील मोहन ठाकुर सहित चन्द्रकांत मिश्र, शंभु झा, गोविंद कुमार झा, रमण कुमार ठाकुर, विजय कुमार मिश्र अंजू, सुदीप कुमार ठाकुर, विवेकानंद झा, एसके झा, सुशील झा, प्रदीप झा (बीओआई), कमलेश मिश्र, प्रकाश झा, रोशन कुमार तरुण, पशुपति झा, अरविन्द कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे। परिषद के पदाधिकारियों ने अधिकाधिक शहरवासियों से उक्त समारोह में भाग लेकर कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।

-: JOIN US :-

FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *