तकनीकी शिक्षा में AI से आएगा क्रांतिकारी बदलाव, GGSESTC में सजा युवा Innovators का कुंभ

Mithila Varnan

दो-दिवसीय तृतीय आईएसटीई स्टूडेंट सेक्शन कन्वेंशन-2026 का भव्य शुभारंभ

विभिन्न कॉलेजों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने पेश किए 46 शोधपत्र और 15 लाइव एआई मॉडल

VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO :
कांड्रा, चास स्थित नैक बी प्लस प्लस मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित संस्थान गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटीज टेक्निकल कैंपस (GGSESTC) इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट कॉलेज में बुधवार को दो दिवसीय ‘तृतीय आईएसटीई स्टूडेंट सेक्शन कन्वेंशन-2026’ का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। ‘Artificial Intelligence के माध्यम से तकनीकी शिक्षा में परिवर्तनकारी बदलाव’ विषय पर केंद्रित इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक और तकनीकी महाकुंभ में विभिन्न महाविद्यालयों के 200 से अधिक होनहार छात्र-छात्राओं और देश के दिग्गज शिक्षाविदों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में BIT सिंदरी के निदेशक प्रोफेसर डॉ. पंकज राय तथा जमशेदपुर स्थित अल-कबीर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट के प्राचार्य प्रोफेसर वारिस एस. इमाम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT) के कुलपति प्रोफेसर डॉ. डी. के. सिंह, जीजीईएस के अध्यक्ष तरसेम सिंह तथा आईएसटीई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रताप सिंह देसाई ने संयुक्त रूप से की। वहीं संरक्षक के रूप में आईएसटीई के कार्यकारी सचिव डॉ. एस. एम. अली एवं जीजीईएस के सचिव सुरेंद्र पाल सिंह की विशेष उपस्थिति ने समारोह को गरिमा प्रदान की। इसके अतिरिक्त एमआईटी मुजफ्फरपुर के डॉ. मिथिलेश कुमार झा (चेयरमैन, आईएसटीई बिहार एवं झारखंड क्षेत्र शैक्षिक प्रबंधन) ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

AI टूल्स का जिम्मेदार इस्तेमाल ही वास्तविक प्रगति का आधार: डॉ. पंकज राय

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि BIT सिंदरी के निदेशक प्रोफेसर डॉ. पंकज राय ने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के प्रति विद्यार्थियों में गहरी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एआई टूल्स का कितना और किस प्रकार उपयोग किया जाना चाहिए, इसकी स्पष्ट समझ ही छात्रों के शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य की दिशा तय करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि तकनीक का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार इस्तेमाल ही वास्तविक प्रगति का आधार है।

संस्थान के निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार ने बताया कि इस दो दिवसीय कन्वेंशन के दौरान एक विशेष कॉन्फ्रेंस बुक का प्रकाशन किया गया है, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में तैयार किए गए लगभग 46 शोधपत्र संकलित हैं। साथ ही परिसर में 15 से अधिक लाइव प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जो मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित आधुनिक तकनीकी मॉडलों पर केंद्रित हैं। दोनों दिनों के तकनीकी सत्रों में 50 से अधिक पावरपॉइंट प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं।

‘शानदार जीवन के छह आयाम’ पुस्तक का लोकार्पण

आयोजन के दौरान ऐतिहासिक ग्राम भेंडरा के मुखिया नरेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा लिखित प्रेरक पुस्तक ‘शानदार जीवन के छह आयाम’ का अतिथियों द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया। अपने विचार साझा करते हुए श्री विश्वकर्मा ने कहा कि सही दिशा में उठाया गया प्रत्येक छोटा कदम भी जीवन में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है। समारोह का कुशल मंच संचालन बीबीए की छात्रा साहिबा अकरम और प्राध्यापिका प्रोफेसर शहनाज फरहीन ने किया। 19 नवंबर को कन्वेंशन का भव्य समापन समारोह आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता जेयूटी के कुलपति प्रोफेसर डॉ. डी. के. सिंह करेंगे और विभिन्न तकनीकी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम के कन्वेनर एवं ईईई शाखा के सहायक प्राध्यापक प्रोफेसर आलोक कुमार सहित प्रोफेसर सुमित कुमार पांडेय, प्रो. अपूर्वा सिन्हा, डॉ. विकास घोषाल, डॉ. मनोजीत डे, प्रोफेसर अभिलाष घोष, प्रोफेसर महमूद आलम, डॉ. शफाक जहीर, प्रोफेसर रोहित वर्मा, एडवोकेट पल्लवी प्रसाद और प्रोफेसर अमित पॉल सहित अन्य प्राध्यापकों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजकों के अनुसार, इस उत्कृष्ट आयोजन से जीजीएसईएसटीसी के स्टूडेंट चैप्टर को आईएसटीई द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किए जाने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ा है।

-: JOIN US :-

FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *