JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने किया उद्घाटन, कहा- खेल सिखाते हैं अनुशासन और जीतने का हौसला
बोले प्राचार्य डॉ. गंगवार – देश को एकसूत्र में जोड़ने वाला जुनून है क्रिकेट
VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र एवं क्रीड़ात्मक विकास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), बोकारो ने खेल जगत में एक और नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार के नेतृत्व में स्कूल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘डिप्स क्रिकेट एकेडमी’ का शुभारंभ किया गया। गुरुवार को विद्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने इस नवीन क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोकारो डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजेश रंजन, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार, बीसीसीआई लेवल-1 कोच दीपक कुमार सिंह व संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि अजय नाथ शाहदेव ने डीपीएस बोकारो की शैक्षणिक उत्कृष्टता की चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि निश्चय ही इस एकेडमी का दूरगामी लाभ मिलेगा और यहां से भी एमएस धोनी सरीखे खिलाड़ी निकलेंगे। इस दिशा में उन्होंने जेएससीए की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
छात्र-छात्राओं से इस स्वर्णिम अवसर का लाभ लेने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी करियर की असीम संभावनाएं हैं। क्रिकेट व अन्य खेल भी अनुशासन, टीमवर्क, लक्ष्य के प्रति एकाग्रता, दूसरों का सम्मान और जीतने का हौसला सिखाते हैं। अपने छात्र-जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बच्चों को लगन और ईमानदारी के साथ कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा भी दी। इससे पूर्व, समारोह के आरंभ में पौधा भेंटकर मुख्य अतिथि के हरित स्वागत के उपरांत बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। स्वागत गान एवं विद्यालय गीत के बाद छात्राओं की टोली ने मनभावन बिहू नृत्य पेश कर सबका मन मोह लिया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी का स्वागत करते हुए उक्त एकेडमी की स्थापना के औचित्य एवं इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उभरती हुई युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें पेशेवर स्तर पर तराशने के मुख्य उद्देश्य से इस एकेडमी की स्थापना की गई है। उन्होंने क्रिकेट के 1983 विश्वकप और 2025 के महिला विश्वकप में भारतीय फतह की चर्चा करते हुए इस विधा में देश की कुशल क्षमता को रेखांकित किया।

प्राचार्य ने कहा कि क्रिकेट ऐसा खेल है, जो पूरे देश को एकसूत्र में बांधने में भी सहायक है और वास्तव में यह खेल ही नहीं, बल्कि एक जुनून है। उन्होंने कहा कि अगर बच्चे लगन और परिश्रम के साथ खेलेंगे, तो यकीनन इस इस्पातनगरी से भी अनेक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर निकलेंगे। उन्होंने डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य बच्चों व युवाओं को भी एकेडमी के अवसरों का लाभ उठाने का संदेश दिया। उन्होंने संपूर्ण व्यक्तित्व-विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों का संतुलन आवश्यक बताते हुए इस दिशा में डीपीएस बोकारो के बहुआयामी प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। प्राचार्य ने इस क्रम में मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंटकर तथा शॉल से अलंकृत कर सम्मानित भी किया।
उन्नत पिचों के साथ अत्याधुनिक प्रशिक्षण उपकरणों की सुविधाएं
अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए एकेडमी के कोऑर्डिनेटर एवं विद्यालय के वरीय खेल शिक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने एकेडमी में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि बच्चों को उच्चस्तरीय और तकनीकी रूप से सटीक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए बीसीसीआई के दो पेशेवर ‘A’ लेवल कोच रखे गए हैं। प्रशिक्षण के लिए विद्यालय के सेक्टर-4 स्थित विशाल क्रिकेट ग्राउंड का उपयोग किया जा रहा है, जहाँ बल्लेबाजी और गेंदबाजी के गहन अभ्यास के लिए एक सीमेंटेड पिच तथा तीन विशेष रूप से तैयार की गई (टर्फ) पिचों का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त, खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के विभिन्न पहलुओं को निखारने के लिए सभी अत्याधुनिक प्रशिक्षण उपकरणों (ट्रेनिंग इक्विपमेंट्स) का भी उपयोग किया जाएगा। उद्घाटन समारोह का मंच संचालन विद्यालय की हेडगर्ल स्वर्णिम ने किया और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
स्विमिंग पूल से लेकर शूटिंग रेंज तक… खेलों का सशक्त केंद्र बन चुका है डीपीएस बोकारो
उल्लेखनीय है कि डीपीएस बोकारो केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि खेल-कूद की विश्वस्तरीय आधारभूत संरचनाओं के लिए भी पूरे राज्य में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए स्वयं का आधुनिक स्विमिंग पूल उपलब्ध है, वहीं आत्मरक्षा और फिटनेस के लिए कराटे का भी गहन प्रशिक्षण दिया जाता है। खेल अवसंरचना के विस्तार की इसी कड़ी में पिछले ही वर्ष झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार के हाथों विद्यालय में अत्याधुनिक शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया गया था।
प्राचार्य डॉ. गंगवार के नेतृत्व में विद्यालय नियमित रूप से जिला व राज्य स्तर की योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करता रहा है। इसके साथ ही टेबल टेनिस, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे प्रमुख खेलों के नियमित एवं गहन प्रशिक्षण के बल पर यहाँ के छात्र-छात्राएं निरंतर राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते रहे हैं। प्राचार्य ने कहा कि इस एकेडमी के माध्यम से बोकारो की छिपी हुई युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को अपने ही शहर में राष्ट्रीय स्तर के कोच और विश्वस्तरीय पिचों पर अभ्यास करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। डीपीएस बोकारो विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ मंच प्रदान करने के लिए सदैव कटिबद्ध है, ताकि हमारे बच्चे न केवल शिक्षा, बल्कि खेल के मैदान में भी देश और राज्य का नाम रोशन कर सकें।
-: JOIN US :-
FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL
