इस्पातनगरी बोकारो में सजेगा कबड्डी का महाकुंभ, DPS बोकारो में देशभर की बेटियां दिखाएंगी अपने दमखम

Mithila Varnan

36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालिका कबड्डी चैंपियनशिप तैयारी शुरू, 27 से 30 दिसंबर तक होगा आयोजन

600 से अधिक बाल खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा; अर्जुन अवॉर्डी और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता हस्तियों का लगेगा जमावड़ा

VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO :
एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) से संबद्ध ‘कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड’ के तत्वावधान में आगामी दिसंबर महीने में इस्पातनगरी बोकारो एक ऐतिहासिक और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का साक्षी बनने जा रही है। एकेएफआई द्वारा प्रतियोगिता के आवंटन के उपरांत, एसोसिएशन के बैनर तले शहर के सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो की मेजबानी में 27 से 30 दिसंबर, 2026 तक ’36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता (बालिका)’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय महाकुंभ में पूरे भारतवर्ष के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित लगभग 600 से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ी और खेल अधिकारी शिरकत करेंगे। खिलाड़ियों के विश्वस्तरीय आवासन और मुकाबले के लिए विशाल इनडोर एरिया की व्यवस्था डीपीएस बोकारो परिसर में मुकम्मल कर ली गई है।

शनिवार को इस ऐतिहासिक आयोजन की विधिवत जानकारी प्रतियोगिता आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सह डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार तथा कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने डीपीएस बोकारो परिसर में आयोजित एक संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान दी।

बोकारो और समस्त झारखंड प्रदेश के लिए गर्व का क्षण: डॉ. ए. एस. गंगवार

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. गंगवार ने कहा कि इस राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता की ऐतिहासिक मेजबानी के लिए विद्यालय प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद और तैयार है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व कई राज्यस्तरीय एवं क्लस्टर स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद अब इस दर्जा प्राप्त राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे बोकारो जिले और समस्त झारखंड प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की जिम्मेदारी डीपीएस बोकारो को सौंपने के लिए उन्होंने एसोसिएशन का आभार जताया।

प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम: गोपाल ठाकुर

एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने बताया कि कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड राज्य के भिन्न-भिन्न जिलों में निरंतर राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के जरिए स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच देकर उनका भविष्य संवारने का कार्य कर रहा है। पूर्व के सफल अनुभवों को देखते हुए इस वर्ष बोकारो में बालिकाओं की इस सब-जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन कराने का फैसला लिया गया है।

उन्होंने प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष, झारखंड विधानसभा के मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो के बहुमूल्य सहयोग को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार भी खेल और खिलाड़ियों के सतत विकास के लिए तत्पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि विभागीय एवं जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता निसंदेह ऐतिहासिक, सफल और यादगार साबित होगी।

अंतरराष्ट्रीय सितारे और पुरस्कार विजेता बढ़ाएंगे खिलाड़ियों का उत्साह

हाल ही में जापान में संपन्न एशियन गेम्स से वापस लौटे बोकारो निवासी व कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी बिपिन कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से आ रहीं उदीयमान बालिकाओं के साथ-साथ कई द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खेल हस्तियां तथा भारतीय सीनियर कबड्डी टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शिरकत करेंगे। ये दिग्गज खिलाड़ी उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे और उनकी हौसला-अफजाई करेंगे।

इस महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान आयोजन समिति एवं खेल जगत से जुड़े मुकेश कुमार, डॉ. चन्द किशोर ठाकुर, कुमार अमरदीप, मनोरंजन कुमार, हर्ष आर्यन, मुकेश अग्रवाल, पवन सिंह, श्वेता कुमारी, पल्लवी, विक्की पाण्डेय और कुलदीप झा सहित कई अन्य गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।

-: JOIN US :-

FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *