पेयजल संकट पर भड़के उपायुक्त, कहा- जल जीवन मिशन या DMFT फंड से हर हाल में पहुंचेगा शुद्ध पानी
खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq
VARNAN DIGITAL DESK
Bokaro : सोशल मीडिया पर उठी एक खबर का संज्ञान लेते हुए बोकारो के संवेदनशील उपायुक्त अजय नाथ झा शुक्रवार को सीधे धरातल पर उतरे और चास प्रखंड के कुमारदागा पंचायत स्थित रानीचिड़का गांव पहुंचे। गांव में व्याप्त विकराल पेयजल संकट की जानकारी मिलते ही डीसी ने बिना देर किए खुद रानीचिड़का पहुंचकर ग्रामीणों के बीच खाट पर बैठकर उनसे सीधा संवाद किया। ग्रामीणों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि गांव के चापाकल दूषित और जहरीला पानी उगल रहे हैं, जिसे पीने से लोग बीमार पड़ रहे हैं और स्वच्छ पानी के लिए ग्रामीणों को मीलों का सफर तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की इस मानवीय पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने गवई बराज से रानीचिड़का गांव तक पाइपलाइन के जरिए शुद्ध जलापूर्ति शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को अविलंब डीपीआर तैयार कर भेजने का हुक्म सुनाया और दो टूक कहा कि यदि जल जीवन मिशन से यह काम नहीं हुआ, तो डीएमएफटी (DMFT) फंड से राशि स्वीकृत कर ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
जर्जर स्कूल भवन का होगा कायाकल्प, पंचायत सचिवालय के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
गांव के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण और खतरनाक भवन का मुद्दा भी उपायुक्त के सामने मजबूती से रखा। इस पर डीसी अजय नाथ झा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को स्कूल का स्थलीय निरीक्षण कर जीर्णोद्धार की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। इसके तुरंत बाद उपायुक्त का काफिला कुमारदागा पंचायत सचिवालय पहुंचा, जहां उन्होंने औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि ग्रामीणों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए या देरी के मिलना चाहिए और पंचायत सचिवालय की कार्यप्रणाली को हर हाल में दुरुस्त रखा जाए।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
इधर, कलेक्ट्रेट में गूंजी फरियादियों की पुकार: ‘हम आपको सुनते हैं’ में आईं 32 शिकायतें, अधिकारियों को अल्टीमेटम

रानीचिड़का गांव का तूफानी दौरा करने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में आमजनों की समस्याओं के त्वरित व पारदर्शी निष्पादन के लिए ‘हम आपको सुनते हैं…’ (लोक संवाद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि एवं राजस्व, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, शिक्षा, जर्जर सड़क, बिजली बिल और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कुल 32 मामले प्रशासन के समक्ष रखे। उपायुक्त ने एक-एक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से जांच कर निस्तारण रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया। इस पूरे निरीक्षण और लोक संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, चास बीडीओ डॉ. प्रदीप कुमार, प्रभारी पदाधिकारी श्रीमती हेमलता बून, एडीडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार, डीडीएमओ शक्ति कुमार और यूआईडी डीपीओ शैलेंद्र मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
–
