सिमडेगा कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़ी खबर चलाने पर दमनात्मक कार्रवाई का आरोप, कहा- सच सामने लाने की कीमत चुका रहे पत्रकार, हो निष्पक्ष जांच
VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जहां एक ओर देश भर में अभिव्यक्ति की आजादी और स्वतंत्र पत्रकारिता के मूल्यों पर चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर झारखंड में एक पत्रकार के विरुद्ध हुई दमनात्मक कार्रवाई ने झारखंड के पत्रकार जगत को झकझोर कर रख दिया है। रांची के वरिष्ठ युवा पत्रकार एवं ‘भारत मित्र’ के संपादक अभिषेक भारती के रांची स्थित कार्यालय में बीती रात हुई पुलिस छापेमारी और उनके खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी (FIR) को लेकर बोकारो के पत्रकारों में गहरा आक्रोश है। बोकारो प्रेस क्लब ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
बोकारो प्रेस क्लब परिवार के सदस्यों ने एक स्वर में इस घटना की भर्त्सना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस जैसे पावन दिन पर झारखंड में एक पत्रकार के खिलाफ इस प्रकार की दमनात्मक कार्रवाई कहीं न कहीं सरकारी तंत्र की तानाशाही मानसिकता को दर्शाती है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने इसे सीधे तौर पर स्वतंत्र पत्रकारिता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला करार दिया है। इस मुद्दे पर झारखंड के सभी पत्रकार संगठनों ने भी एकजुटता दिखाते हुए पुलिसिया कार्रवाई के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की है।
उल्लेखनीय है कि यह पूरी पुलिसिया कार्रवाई सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों से जुड़ी खबर के प्रसारण को आधार बनाकर की गई है। मामले के अनुसार, विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक संवेदनशील प्रकरण में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की शिकायत पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पत्रकार अभिषेक भारती ने जनहित और सामाजिक सरोकार के तहत इस संवेदनशील मामले को सार्वजनिक करते हुए खबर प्रसारित की थी। इसके ठीक बाद खुद पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ ही एक अलग प्राथमिकी दर्ज कर उनके कार्यालय में छापेमारी कर दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बोकारो प्रेस क्लब ने कहा कि किसी भी संवेदनशील और गंभीर मामले को समाज के सामने लाना तथा पीड़ित पक्ष की आवाज को शासन-प्रशासन और कानून तक पहुंचाना हर पत्रकार का नैतिक एवं पेशेवर कर्तव्य है। प्रेस क्लब ने गहरी आशंका जताई है कि कहीं पत्रकार अभिषेक भारती को सच उजागर करने की कीमत तो नहीं चुकानी पड़ रही है। संगठन ने स्पष्ट मांग की है कि पुलिस प्रशासन इस पहलू की भी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करे कि कहीं किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव के तहत तो यह एकतरफा कार्रवाई नहीं की गई है।
बोकारो प्रेस क्लब ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि यदि किसी खबर के तथ्यों या उसकी प्रस्तुति को लेकर किसी पक्ष को कोई आपत्ति थी, तो उसका जवाब लोकतांत्रिक और विधिसम्मत तरीके से दिया जाना चाहिए था। इसके विपरीत, खबर दिखाने वाले पत्रकार को ही अपराधी की तरह कठघरे में खड़ा करना और उसके दफ्तर पर छापेमारी करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। समय रहते समुचित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो बोकारो के पत्रकार आंदोलन और प्रदर्शन को विवश होंगे।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने किया जवाब तलब

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के ऊपर लगे आरोपों को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने सोमवार को स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से एक हफ्ते के भीतर की गई कार्रवाई से अवगत कराने का आदेश दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि यदि आयोग के इस आदेश का समय रहते अनुपालन नहीं किया गया तो आयोग अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करेगा।
-: JOIN US :-
FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL
