भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दो-दिवसीय विद्यापति स्मृति पर्व समारोह शुरू
अरविंद, वर्षा और सोनी की गायकी पर देर रात तक झूमे श्रोता, तो राजीव ने किया लोटपोट
VARNAN DIGITAL DESK
Bokaro: “अपनी भाषा, अपनी समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपरा हमारी अनमोल धरोहर है। इसे जीवंत और अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, और इसकी शुरुआत हमें अपने घर के आंगन से ही करनी होगी।” यह प्रेरक उद्गार बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के मुख्य महाप्रबंधक (सीआरएम-3) राजेश कुमार झा ने व्यक्त किए। श्री झा शनिवार देर शाम नगर के सेक्टर-4ई स्थित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल प्रांगण में मिथिला सांस्कृतिक परिषद की ओर से आयोजित दो दिवसीय ’59वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह’ को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस्पातनगरी बोकारो में सांस्कृतिक, सामाजिक तथा शैक्षणिक उत्थान की दिशा में मिथिला सांस्कृतिक परिषद द्वारा किए जा रहे अनवरत प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। मुख्य अतिथि ने कहा कि अपनी जड़ों और संस्कृति को सहेज कर रखने में परिषद की यह छह दशकों की निरंतरता अपने आप में गौरव और बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान उन्होंने महाकवि विद्यापति के कालजयी साहित्यिक अवदानों और उनकी महानता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
पाग-डोपटा सम्मान और स्वस्ति वाचन के साथ हुआ भव्य आगाज
समारोह के औपचारिक शुभारंभ से पूर्व मुख्य अतिथि राजेश कुमार झा सहित परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी, महासचिव नीरज चौधरी, निदेशक मंडल के संयोजक सह मिथिला एकेडमी के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, निदेशक मंडल सदस्य कृष्ण चंद्र झा व विजय कुमार झा, उपाध्यक्ष श्रवण कुमार झा, मिथिला महिला समिति की अध्यक्षा पूनम मिश्रा, मिथिला एकेडमी के सचिव दिलीप झा, उपाध्यक्ष बटोही कुमर और परिषद के वित्त सचिव मिहिर मोहन ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्मारक-स्थल पर महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इसके उपरांत मुख्य अतिथि व विशिष्ट अभ्यागतों का पारंपरिक पाग-डोपटा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। डॉ. रणजीत कुमार झा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वस्ति वाचन के बीच मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। स्वागत संबोधन में परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने विगत छह दशकों से संस्था द्वारा मिथिला की विरासत को सशक्त करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का ब्योरा दिया, वहीं महासचिव नीरज चौधरी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर संस्था की उपलब्धियों को साझा किया। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता राजेंद्र कुमार ने की, जबकि कुशल मंच संचालन मिथिला एकेडमी के संयुक्त महामंत्री व वरिष्ठ रंगकर्मी सुनील मोहन ठाकुर तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष बटोही कुमर ने किया।
विद्यापति गीतों और लोकधुनों पर झूमे श्रोता
सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशक अरुण पाठक की देखरेख में रंगारंग प्रस्तुतियों की शुरुआत मिथिला एकेडमी के विद्यार्थियों ने महाकवि विद्यापति रचित ‘जय-जय भैरवि असुर भयाउनि…’ सहित पारंपरिक सामा चकेवा गीत और शिव-स्तुति पर मनभावन नृत्य से की।

इसके बाद आमंत्रित लब्ध-प्रतिष्ठित गायक अरविंद सिंह ने भगवती गीत ‘जो गे मैया जो तोरा जानि गेलियौ…’, ‘श्यामा गजब शहर दरभंगा जाहिमे आहा बिराजी ना…’ और नचारी ‘बाबा हो बाबा की लिखल कपार में बाबा…’ की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया।

गायिका वर्षा झा ने ‘पिया मोरा बालक हम तरुणी गे…’ व ‘हमरा स्वर्ग सं नीक मिथिला धाम लगैय…’ तथा सोनी चौधरी ने ‘चंदा जुनि उगू आजुक राति…’, ‘गजब तोरे नयना ओ श्याम सुंदर…’ और ‘श्यामला पहुनमा बिनु निंदियो ने आबै…’ जैसे भावपूर्ण मैथिली गीतों से हजारों श्रोताओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक सत्र का संचालन प्रसिद्ध उद्घोषक राजीव कुमार झा ने अपने हास्य और गुदगुदी भरे अंदाज में कर दर्शकों को खूब लोटपोट किया। ढोलक पर अरुण कुमार, ऑक्टापैड पर मनोज कुमार उपाध्याय और की बोर्ड पर राजेंद्र कुमार ने कुशल संगत की। समारोह के दूसरे दिन रविवार को स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ सुप्रसिद्ध नाटककार महेंद्र मलंगिया द्वारा लिखित कालजयी मैथिली नाटक ‘एक कमल नोर मे’ का भव्य मंचन किया जाएगा।
राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने वाले चार होनहार युवा हुए सम्मानित
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने मिथिला समाज के चार ऐसे मेधावी युवाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी असाधारण प्रतिभा के बल पर बोकारो और झारखंड का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है। सम्मानित होने वालों में यूपीएससी की आईईएस परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर चौथी रैंक हासिल करने वाली अदिति झा, विधि (लॉ) के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पांच स्वर्ण पदक जीतने वाले तथागत ठाकुर, इंग्लैंड के प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एमबीए कर रहे नीलेंदु शुभम तथा आईआईटी मद्रास में स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा शुभांगी श्री शामिल हैं। इस अवसर पर सभा की अध्यक्षता कर रहे मिथिला एकेडमी के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
