बोकारो में जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से बरामद होने के बाद स्टेशन पर मची अफ़रा-तफ़री
VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : पटना से रांची जा रही ट्रेन संख्या 12365 जनशताब्दी एक्सप्रेस में शनिवार को एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। जिस भयानक दुर्गंध को रेल यात्री और चालक दल अब तक किसी मरे हुए चूहे की सड़ांध समझकर नजरअंदाज कर रहे थे, बोकारो रेलवे स्टेशन पर जब उसकी पड़ताल हुई तो लोको पायलट से लेकर पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। ट्रेन के अति-सुरक्षित माने जाने वाले इंजन के कैटल गार्ड के भीतर बने एक संकरे सुराख से लगभग 50 वर्षीय अज्ञात महिला का कटा हुआ और बुरी तरह सड़ा-गला सिर बरामद किया गया। शनिवार दोपहर लगभग 11:35 बजे जैसे ही यह सुपरफास्ट ट्रेन बोकारो के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आकर रुकी, इंजन से आ रही असहनीय बदबू के कारण स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। इस भयानक खबर के फैलते ही पूरे बोकारो जंक्शन पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और ट्रेन लगभग एक घंटे तक स्टेशन पर ही खड़ी रही।
खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq
गोमो से शुरू हुई बदबू, चंद्रपुरा पहुंचते-पहुंचते बढ़ा शक; कैटल गार्ड के सुराख से बरामद हुआ कटा सर
मिली जानकारी के मुताबिक, इस ट्रेन का क्रू (चालक दल) गोमो स्टेशन पर बदलता है। गोमो में ही इंजन के हिस्से से मटमैली सड़ांध आ रही थी, लेकिन उस वक्त कर्मियों ने इसे किसी मरे हुए चूहे की बदबू समझकर बेहद सामान्य बात मानी और ट्रेन को आगे के लिए हरी झंडी दे दी। हालांकि, जैसे ही ट्रेन चंद्रपुरा पहुंची, सड़ांध इतनी भयावह हो गई कि सांस लेना दूभर होने लगा। इसके बाद बोकारो स्टेशन पहुंचते ही सजग ट्रेन चालक ने वॉकी-टॉकी से रेलवे कंट्रोल रूम को इंजन के अगले हिस्से में कुछ संदेहास्पद फंसा होने की सूचना दी। पलक झपकते ही आरपीएफ ओसी संतोष कुमार और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर जब लोहे के कैटल गार्ड के छोटे से होल में टॉर्च जलाकर झांका, तो वहां इंसानी कटे हुए सिर के बाल और सड़ चुका चेहरा देखकर सबके रोंगटे खड़े हो गए। मशक्कत के बाद महिला के सिर को बाहर निकाला गया, जिसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी कर दोपहर 12:33 बजे ट्रेन को रांची के लिए रवाना किया जा सका।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए इंजन सिर छिपाने की आशंका, सीसीटीवी खंगालने में जुटी जीआरपी
इस खौफनाक वारदात ने रेल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा और संवेदनशील सवाल यह उठ रहा है कि किसी महिला का कटा हुआ सिर ट्रेन के इंजन के कैटल गार्ड के भीतर कैसे दाखिल हो गया? आशंका जताई जा रही है कि किसी शातिर अपराधी ने कहीं और महिला की बर्बरतापूर्वक हत्या करने के बाद धड़ से सिर अलग कर दिया और साक्ष्य मिटाने या दहशत फैलाने के मकसद से उसे जानबूझकर चलती ट्रेन के इंजन के सुराख में ठूंस दिया। अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार नायक और रेल पुलिस ने सिर को जब्त कर पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक लैब भेज दिया है। जीआरपी अब पटना से लेकर बोकारो-रांची रूट के सभी प्रमुख लोको शेड, क्रू चेंजिंग प्वाइंट्स और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
