राष्ट्रीय फलक पर चमका बोकारो का सितारा, ‘India’s Talent Fight’ में Gold जीतने वाले DPS बोकारो के छात्र को डीसी ने ओढ़ाई सम्मान की शॉल
VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : सुर, साधना और अद्भुत प्रतिभा के संगम से पूरे देश में अपनी गायकी का लोहा मनवाने वाले बोकारो के बाल सितारे मन्नत पांडेय के सिर पर एक और सुनहरा सेहरा बंध गया है। सोनी टीवी के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रियलिटी शो ‘इंडिया टैलेंट फाइट’ में अपनी सुरीली आवाज के जादू से गोल्ड मेडल जीतकर पूरे झारखंड का मान बढ़ाने वाले मन्नत पांडेय को मंगलवार को जिला प्रशासन ने सिर आंखों पर बैठाया। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं…’ लोक संवाद कार्यक्रम के दौरान एक बेहद गौरवमयी और आत्मीय क्षण देखने को मिला, जब उपायुक्त अजय नाथ झा ने सैकड़ों फरियादियों और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में मन्नत पांडेय को पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त श्री झा ने युवा गायक की असाधारण प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय पटल पर गोल्ड मेडल जीतना न केवल बोकारो बल्कि समूचे राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने मन्नत को अपनी कला, रियाज और सांस्कृतिक साधना को निरंतर निखारने की प्रेरणा दी, ताकि आने वाले दिनों में वे भारतीय संगीत जगत में ध्रुवतारे की तरह चमककर राज्य और देश का नाम रोशन करते रहें। इस खास मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार और पीओ माणिक प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
डीपीएस बोकारो का चमकता सितारा: गायकी, काव्य-पाठ और भागवत कथा में भी महारथ

राष्ट्रीय फलक पर अपनी पहचान दर्ज कराने वाले मन्नत पांडेय इस्पातनगरी के प्रतिष्ठित संस्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के 11वीं कक्षा के मेधावी छात्र हैं। अपनी मखमली आवाज और शास्त्रीय सुरों की मजबूत पकड़ के दम पर उन्होंने छोटी सी उम्र में वह मुकाम हासिल कर लिया है, जो बड़े-बड़े कलाकारों का सपना होता है। राष्ट्रीय स्तर के रियलिटी शो ‘इंडियाज टैलेंट फाइट’ (सीजन-7) के कठिन टीवी राउंड में देश भर के हजारों हुनरमंदों को पछाड़ते हुए मन्नत ने शीर्ष 15 में अपना स्थान पक्का किया और अंततः गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का डंका बजा दिया।
मन्नत केवल गायकी तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। बचपन से ही उनका रुझान हिंदी काव्य पाठ, ओजस्वी वाचन, भागवत कथा गायन और विभिन्न साहित्यिक-सांस्कृतिक विधाओं में रहा है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अपार हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मन्नत की यह उड़ान विद्यालय के हर विद्यार्थी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने छात्र को निरंतर सफलता के शिखर छूने का आशीर्वाद देते हुए अपनी बधाई और शुभकामनाएं दीं।
‘हम आपको सुनते हैं’ लोक संवाद: 43 मामलों की हुई सीधी सुनवाई, अधिकारियों को सख्त निर्देश

इससे पूर्व, आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील और पारदर्शी समाधान के लिए आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं…’ लोक संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की फरियाद सुनी। जनसंवाद के दौरान कुल 43 मामलों पर सीधी और बिंदुवार सुनवाई की गई। फरियादियों ने जमीन विवाद, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन उपायुक्त के समक्ष रखे। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदक की बात को बेहद संजीदगी से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की सघन जांच कर नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने दो-टूक शब्दों में हिदायत दी कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक हीला-हवाली या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-: JOIN US :-
FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL
