अंधेरे और लो-वोल्टेज के दिन होंगे खत्म! झारखंड समेत पूरे पूर्वी भारत में ऊर्जा क्रांति लाएगा चंद्रपुरा का सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट

Mithila Varnan

DVC और कोल इंडिया का ऐतिहासिक महा-प्रोजेक्ट… ₹21,000 करोड़ से बनेगा 1,600 MW का नया ऊर्जा संयंत्र

संजय मिश्रा | VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO THERMAL :
झारखंड (Jhakhand) समेत पूरे पूर्वी भारत के करोड़ों लोगों और उद्योग-धंधों के लिए एक बेहद खुशखबरी और राहत भरी खबर सामने आई है। बोकारो जिले के चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन परिसर में अब ‘Power Cut’ और ‘Low Voltage’ की समस्या बीते दिनों की बात बनने जा रही है। दामोदर घाटी निगम (DVC) और कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के 50-50 प्रतिशत की बराबर हिस्सेदारी वाले संयुक्त उद्यम ‘DVC-CIL पावर प्राइवेट लिमिटेड’ ने चंद्रपुरा में 1,600 मेगावाट (800×2 MW) क्षमता के देश के सबसे अत्याधुनिक ‘अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट’ के निर्माण के लिए हुंकार भर दी है।

इस ड्रीम प्रोजेक्ट के मुख्य प्लांट पैकेज के लिए भारत की दिग्गज इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ‘एलएंडटी एनर्जी कार्बनलाइट सॉल्यूशंस’ (L&T Energy) के साथ ‘लिमिटेड नोटिस टू प्रोसीड’ पर आधिकारिक हस्ताक्षर हो चुके हैं। लगभग ₹21,000 करोड़ की भारी-भरकम लागत से तैयार होने वाला यह मेगा पावर प्लांट न केवल बोकारो और झारखंड, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के ऊर्जा नक्शे को हमेशा-हमेशा के लिए बदलकर रख देगा।

बिजली कटौती से कैसे मिलेगी मुक्ति? जानिए आपके घर और शहर पर क्या पड़ेगा असर

अक्सर भीषण गर्मी और त्योहारी सीजन में बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, रामगढ़ और आसपास के इलाकों में घंटों लोड शेडिंग और बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। चंद्रपुरा का यह नया 1,600 मेगावाट क्षमता वाला पावर प्लांट इस समस्या पर पूर्णविराम लगाएगा।

  • 24/7 निर्बाध बिजली सप्लाई: इस प्लांट से पैदा होने वाली विशालकाय बिजली से स्थानीय ग्रिड में कभी पावर शॉटेज (बिजली की कमी) नहीं होगी, जिससे आम जनता को 24 घंटे बिना रुकावट के बिजली मिलेगी।

  • सस्ती और प्रतिस्पर्धी दरें: यह प्लांट सीधे कोयला खदान क्षेत्र के मुहाने (CCL और BCCL लिंकेज) पर स्थित है। कोयले के परिवहन (ट्रांसपोर्टेशन) का खर्च शून्य के बराबर होने से उत्पादन लागत घटेगी, जिसका सीधा फायदा उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली के रूप में मिलेगा।

  • इंडस्ट्री और रोजगार में नया बूम: बोकारो स्टील प्लांट, लोकल कोलियरी और भारी उद्योगों को उच्च गुणवत्ता व बिना ट्रिपिंग वाली बिजली मिलेगी। इससे क्षेत्र में नए उद्योग आएंगे और स्थानीय युवाओं के लिए नौकरियों और रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे।

नेपाल और बांग्लादेश तक जगमगाएगा पूर्वी भारत: ग्रिड को मिलेगी फौलादी मजबूती

यह परियोजना केवल झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वी भारत के पावर ग्रिड के संतुलन और स्थिरता के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। 800-800 मेगावाट की दो आधुनिक इकाइयां फ्रीक्वेंसी कंट्रोल में अहम भूमिका निभाएंगी। इस प्लांट से उत्पन्न होने वाली अतिरिक्त बिजली को पूर्वी ग्रिड के जरिए देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देशों—नेपाल और बांग्लादेश को भी निर्यात किया जा सकेगा। यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और झारखंड की साख को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

जमीन अधिग्रहण का कोई झंझट नहीं, पर्यावरण रहेगा पूरी तरह सुरक्षित

मौजूदा चंद्रपुरा पावर प्लांट परिसर की खाली जमीन (ब्राउनफील्ड विस्तार) पर विकसित किए जाने के कारण इस प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण जैसी कोई पेचीदा बाधा नहीं है। L&T द्वारा शुरुआती इंजीनियरिंग और डिजाइनिंग का काम शुरू कर दिया गया है। अनुबंध के अनुसार 38 से 42 महीनों के भीतर मुख्य निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा और वर्ष 2031-32 तक दोनों इकाइयों से व्यावसायिक उत्पादन (Commercial Production) शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है।

सबसे खास बात यह है कि ‘अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल टेक्नोलॉजी’ के कारण यह प्लांट बेहद कम कोयले की खपत में रिकॉर्ड बिजली बनाएगा। पुराने और प्रदूषणकारी धुएं वाले संयत्रों की तुलना में इससे प्रति मेगावाट कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी आएगी, जिससे चंद्रपुरा का पर्यावरण भी स्वच्छ और हरा-भरा बना रहेगा।

DVC और CIL का दिग्गज बोर्ड संभालेगा प्रोजेक्ट

इस दूरगामी परियोजना को समयबद्ध और तकनीक-संचालित तरीके से पूरा करने के लिए गठित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में दिग्गजों को जिम्मेदारी दी गई है। DVC के एमडी स्वप्नेंदु कुमार पांडा को वाइस चेयरमैन, मृत्युंजय प्रसाद को प्रबंध निदेशक एवं सीईओ, सागर सेन को निदेशक, ईडी पीएलएसएस चैतन्य प्रकाश को निदेशक तथा वीरेंद्र शर्मा को निदेशक (वित्त) बनाया गया है। इस शीर्ष प्रबंधन की सीधी निगरानी में निर्माण कार्य दिन-रात आगे बढ़ेगा।

-: JOIN US :-

FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *