बास्केटबॉल कोर्ट पर DPS बोकारो की टीम का ‘गोल्डन’ धमाका, इंटर-डीपीएस टूर्नामेंट में चैंपियन बन नेशनल के लिए किया क्वालिफाई

Mithila Varnan

फाइनल मुकाबले में मेजबान डीपीएस गया को 39-24 से रौंदा; 7 राज्यों की टीमों को पछाड़कर लहराया जीत का परचम, प्राचार्य ने किया सम्मानित

VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : बोकारो: दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), बोकारो की छात्राओं ने बास्केटबॉल के मैदान पर अपनी गजब की स्फूर्ति, आक्रामक रणनीति और शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम विजय पताका लहराया है। गया (बिहार) में आयोजित बालिका वर्ग की ‘ज़ोन-4 इंटर डीपीएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट (ओपन)’ में डीपीएस बोकारो की टीम ने अपने वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस धमाकेदार जीत के साथ ही विद्यालय की टीम ने आगामी 13 से 14 दिसम्बर, 2026 तक डीपीएस मेगासिटी, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की अंतर-डीपीएस बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

डीपीएस सोसाइटी के तत्वावधान में डीपीएस गया द्वारा 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर और मध्य भारत के सात राज्यों— झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मणिपुर, पश्चिम बंगाल और असम की कुल 7 टीमों के 84 खिलाड़ियों ने शिरकत की थी।

घरेलू कोर्ट पर मेजबान ‘गया’ को दी करारी शिकस्त

प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में डीपीएस बोकारो की बालिकाओं ने शुरुआत से ही अपनी आक्रामक और संतुलित रणनीति से मेजबान डीपीएस गया पर दबाव बनाए रखा। हर एक अंक के लिए चले इस रोमांचक और सांसे थमा देने वाले मुकाबले में बोकारो की बेटियों ने 39-24 के बड़े अंतर से डीपीएस गया को उसी के घरेलू कोर्ट पर करारी शिकस्त देकर विनर्स ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 29वीं वाहिनी के कमांडेंट कुणाल ने विजेता डीपीएस बोकारो की टीम को ट्रॉफी, स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) और प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में मेजबान डीपीएस गया दूसरे तथा डीपीएस रांची की टीम तीसरे स्थान पर रही।

गोल्ड मेडल जीतकर लौटीं ‘चैंपियंस’, हुआ स्वागत

विजय पताका लहराने वाली डीपीएस बोकारो की स्वर्णिम टीम में त्रिनयोना, किया कोरल सिंह, अन्वेषा शर्मा, तान्या सिंह, सौम्या प्रकाश, सौम्या जैन, आनिका आनंद, परिना पांडा, सानवी शेखर और शगुन शामिल थीं। जीत का परचम लहराकर बोकारो लौटीं इन खिलाड़ियों का मंगलवार को विद्यालय परिसर में जोरदार स्वागत किया गया और उन्हें सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक सफलता पर अपार प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने पूरी टीम और उनके प्रशिक्षकों (कोच) को बधाई दी।

प्राचार्य डॉ. गंगवार ने कहा:

“यह शानदार विजय विद्यालय के शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में छात्राओं के कठिन परिश्रम, अटूट लगन और खेल के प्रति सच्चे समर्पण का सुखद परिणाम है। हमारी छात्राओं ने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा से न केवल बोकारो, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि कोलकाता में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी यह टीम अपनी इसी ऊर्जा के साथ शानदार प्रदर्शन कर नया इतिहास रचेगी।”

-: JOIN US :-

FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *