बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के बैनर तले मजदूरों की उपेक्षा पर बिफरे के. एन. त्रिपाठी
VARNAN DIGITAL DESK
Bokaro : बोकारो में मजदूर आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण संगठनों में से एक बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के नाम पर फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। इस यूनियन के नाम पर कथित तौर पर फर्जी और गलत तत्वों की हो रही एंट्री पर झारखंड सरकार के पूर्व श्रम मंत्री के. एन. त्रिपाठी ने तीखा हमला बोलते हुए बोकारो स्टील प्लांट के शीर्ष प्रबंधन को सीधी चेतावनी दे डाली है। यूनियन कार्यालय में गुरुवार को आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व श्रम मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि बीएसएल प्रबंधन किसी भी सूरत में यूनियन के नाम पर समानांतर सक्रिय गलत और अनाधिकृत लोगों को आश्रय या शह न दे। उन्होंने प्रबंधन के इंडस्ट्रियल रिलेशंस (IR) विभाग के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए ताकीद की कि वे यूनियन की कार्यक्षमता, अधिकार और इससे जुड़े असली सदस्यों के संबंध में शीर्ष प्रबंधन को भ्रमित करना बंद करें।

श्री त्रिपाठी ने प्रबंधन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अक्सर बैठकों में बीएसएल के उच्चाधिकारी मजदूरों की लंबित मांगों का जल्द निराकरण करने का झूठा आश्वासन देते हैं, लेकिन धरातल पर स्थितियाँ जस की तस बनी रहती हैं। बैठकें खत्म होते ही फैसले कागजों में दब जाते हैं और प्रबंधन अमलीजामा पहनाने के बजाय सिर्फ मूकदर्शक बना रहता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के छलावे को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि बोकारो प्लांट में औद्योगिक शांति बनाए रखनी है तो प्रबंधन को बैठकों में उठाई गई मजदूरों और प्लांट हित से जुड़ी सभी प्राथमिक मांगों पर तुरंत सकारात्मक निर्णय लेना होगा।
इससे पूर्व, बोकारो आगमन पर पूर्व श्रम मंत्री का बिरसा चौक पर यूनियन नेता आर. पी. दुबे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। वहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कार्यकर्ताओं का एक विशाल जुलूस यूनियन कार्यालय पहुंचा, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष कमल दुबे ने की, जबकि मंच संचालन संयुक्त महामंत्री गोपाल ठाकुर ने किया।

इस दौरान मजदूर हितों को लेकर नई हुंकार भरी गई। कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आई. डी. पासवान, उपाध्यक्ष अजय चौबे, मोहन दुबे, जगदीश पाण्डे, संतोष कुमार राय, मंतोष कुमार पाण्डे, आर. के. मिश्रा, संजय कुमार ठाकुर, अजय कुमार, अनिल प्रसाद, यू. के. मण्डल, बीरेन्द्र कुमार, उमेश मेहरा, संजीव कुमार, शिव प्रसाद, प्रवीण पाण्डेय, एन. के. ठाकुर, मनीष मिश्रा, महेन्द्र प्रसाद मेहता, धनंजय कुमार, सुमन कुमार, राज कुमार मोदक, प्रदीप कुमार, निशांत और रवि कुमार समेत सैकड़ों की संख्या में यूनियन के सदस्य और कर्मचारी शामिल रहे।
-: JOIN US :-
FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL
