वैदिक व तांत्रोक्त विधि से संपन्न हुआ श्री 1008 महाकाली पूजनोत्सव, 1984 से जारी है परंपरा; बनिगामा की पारंपरिक रसनचौकी और ढाक-शहनाई की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल
VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : इस्पातनगरी के सेक्टर 2डी स्थित मिथिला चौक के पावन श्यामा माई मैथिली काली मंदिर में मैथिली कला मंच काली पूजा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय श्री 1008 महाकाली पूजनोत्सव सोमवार देर रात महाप्रसाद वितरण के साथ पूर्ण विधि-विधान, पारंपरिक अनुष्ठान और अगाध श्रद्धाभाव के साथ गरिमामयी माहौल में संपन्न हो गया। इस आध्यात्मिक महामहोत्सव को लेकर समूचे मंदिर प्रांगण को सजीव व अलौकिक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिक्षेत्र मां काली की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ रविवार पूर्वाह्न में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पार्थिव शिवलिंग पूजन, वेद पाठ और हनुमत ध्वज दान के साथ हुआ। इसके बाद तय समयानुसार रात्रि 10 बजे से मां काली का तांत्रोक्त व वैदिक पद्धति से मुख्य पूजन प्रारंभ हुआ। सोमवार की भोर में उषाकाल के समय महाआरती की गई, जिसके उपरांत उपस्थित अपार जनसमूह के बीच महाभोग एवं महाप्रसाद का वितरण संपन्न हुआ। तत्पश्चात मां श्यामा का विशेष पूजन कर दो दिवसीय अनुष्ठान को पूर्णता प्रदान की गई। एक ओर जहां ढाक, ढोल और शहनाई की मंगल ध्वनि के बीच महाकाली के वैदिक मंत्र गुंजायमान हो रहे थे, वहीं दूसरी ओर मंदिर परिसर से गूंजते मां भगवती के भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उल्लेखनीय है कि इस ऐतिहासिक मंदिर में वर्ष 1984 से निरंतर विशुद्ध वैदिक रीति और तांत्रोक्त विधान से पूजन की अटूट परंपरा चली आ रही है। सोमवार शाम बोकारो विधायक श्वेता सिंह भी मौके पर पहुंचीं और मां काली की महिमा का बखान किया। मिथिला की गौरवशाली संस्कृति की चर्चा करते हुए उन्होंने इस महानुष्ठान का सहभागी बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

बनिगामा की रसनचौकी से हुआ मंगल प्रवेश, मिथिला से पधारे गोविंद झा के सुरों ने घोला भक्ति रस
पूजनोत्सव की सांस्कृतिक निशा का आगाज बनिगामा से पधारे कलाकारों की पारंपरिक रसनचौकी की मंगल ध्वनि के साथ हुआ, जिसमें बिलटराम, राजदेव राम, जीबछ राम, सुखित राम और विश्वदेव राम ने अपनी पारंपरिक वादन कला से वातावरण में मांगल्य का संचार किया।

इसके बाद मंच पर सुर-साधना का अद्भुत प्रवाह देखने को मिला। मिथिला की पावन धरा से विशेष रूप से आमंत्रित सुप्रसिद्ध गायक गोविंद झा ने मंच संभालते ही महाकवि विद्यापति रचित अमर वंदना ‘जय जय भैरवि असुर भयावनि…’ का गायन कर समूचे परिवेश को भक्ति के चरम पर पहुंचा दिया। इसके उपरांत उन्होंने एक से बढ़कर एक भावपूर्ण मैथिली व हिंदी भगवती गीतों की रसधार बहाई, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।

शास्त्रीय रागों पर आधारित भजनों और युगल प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय एवं आमंत्रित प्रतिष्ठित कलाकारों ने शास्त्रीय रागों में ढले भजनों की अविस्मरणीय प्रस्तुतियां दीं। गायिका करिश्मा प्रसाद ने ‘मां मेरी पत रखियो…’ और ‘सजा दो घर को गुलशन सा मेरे घर राम आए हैं…’ गाकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद अरुण पाठक और करिश्मा प्रसाद की युगल जोड़ी ने मिथिला के सांस्कृतिक गौरव का बखान करते हुए ‘स्वर्ग सं सुंदर मिथिला धाम….’ प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।

विदुषी गौरी झा ने शास्त्रीय राग दुर्गा में निबद्ध ‘जय जय मां दुर्गे माता भवानी….’ तथा राग भैरवी में ‘भवानी दयानी…’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। दीप नारायण गोस्वामी ने राग जोग में ‘काली काली महाकाली…’ का आलाप लिया, जिस पर पंडित बच्चन जी महाराज ने तबले पर सधी हुई संगति दी। तत्पश्चात उनके भजन ‘जय दुर्गे दुर्गति परिहारिणी…’ पर हरेकनाथ गोस्वामी ने तबले की ताल से श्रोताओं को सम्मोहित किया।

पंडित श्याम गोस्वामी ने ‘जगत जननी जगदंब भवानी…’ और ‘काली मैया के मंदिरिया सजि गेलै….’ गाकर पूरे पांडाल को मां की भक्ति में लीन कर दिया। गायक विश्व नाथ गोस्वामी ने ‘चलो मन मां काली की ओर…’ प्रस्तुत किया, जिस पर युवा तबला वादक ऋषि राज गोस्वामी ने संगति की। वहीं पंडित बच्चन महाराज व हरेक नाथ गोस्वामी की युगल प्रस्तुति ‘भवानी दयानी’ में भी ऋषि राज गोस्वामी के तबला वादन की गूंज ने माहौल को भव्यता प्रदान की।
भजनों की इस सुरमयी गंगा के बीच सोनल दत्ता की शिष्याओं द्वारा प्रस्तुत भाव नृत्य ने भक्ति और कला का अद्भुत सम्मिश्रण प्रस्तुत किया। संगीत मंडली में मंच पर कीबोर्ड पर राजेंद्र, ढोलक व हैंडसोनिक पर मनोज कुमार एवं ऑक्टोपैड पर विधान दत्ता ने सुमधुर संगति की, जबकि पूरे सांस्कृतिक कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण और सारगर्भित मंच संचालन कमलेश मिश्र ने अपने विशिष्ट अंदाज में किया।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के समर्पण से सफल हुआ महाआयोजन
इस विराट आध्यात्मिक व सांस्कृतिक अनुष्ठान के सफल संचालन और प्रबंधन में मैथिली कला मंच काली पूजा ट्रस्ट की पूरी टीम ने दिन-रात एक कर अहम भूमिका निभाई। ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्ण चंद्र झा और महामंत्री सुनील मोहन ठाकुर के कुशल नेतृत्व के साथ पूजा संयोजक मिहिर कुमार झा, कोषाध्यक्ष रौशन कुमार झा, भंडारपाल सुमन कुमार ठाकुर, पंडित राधे-श्याम झा बाऊ, पंडित गोविन्द झा, आचार्य गौरीशंकर झा, पंडित चंचल झा, डॉ. यू सी झा, गोविंद कुमार झा, अविनाश झा अवि, प्रकाश झा, सुभद्र चौधरी, भृगुनंदन ठाकुर, प्रदीप झा, अनिल झा, विजय कुमार मिश्रा अंजू, सोनू, मुकेश झा, ज्योतिष चंद्र झा आदि ने आयोजन की हर व्यवस्था को अनुशासित और भव्य रूप देने में सराहनीय योगदान दिया। महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने मां श्यामा माई के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की खुशहाली और आरोग्य की मंगलकामना की।
-: JOIN US :-
FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL
