59वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह में मिथिला सांस्कृतिक परिषद की शानदार प्रस्तुति; महिला-सम्मान, अंधविश्वास और नशा मुक्ति का दिया सशक्त संदेश
VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : आज के दौर में जब अमेजन प्राइम, नेटफ्लिक्स और जियो हॉटस्टार जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर एक से बढ़कर एक वेब सीरीज और करोड़ों के वीएफएक्स (VFX) वाले बड़े पर्दे के सिनेमा का बोलबाला है, तब अभिनय-कला की असली जड़ यानी नाटक-मंचन को जीवंत बनाए रखना अपने-आप में एक बड़ी मिसाल है। बड़े बजट की तड़क-भड़क और रीटेक की सुविधा के बिना, एक मंच पर सीमित संसाधनों, सजावट और जीवंत अभिनय के दम पर दर्शकों को पलक झपकाए बिना बांधे रखना रंगमंच की सबसे बड़ी ताकत है। इस्पातनगरी बोकारो में मिथिला-मैथिली समाज की अग्रणी संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद पिछले चार दशकों से भी अधिक समय से इस नाट्य परंपरा और अपनी माटी की सांस्कृतिक विरासत को पूरी शिद्दत से सहेजे हुए है। इसी कड़ी में 59वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह के दौरान परिषद के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कालजयी मैथिली नाटक ‘एक कमल नोर मे’ ने दर्शकों के बीच अपनी अमिट छाप छोड़ी।

अंधविश्वास, यातना और नशे के साये से सुखद बदलाव की मार्मिक कहानी
सुप्रसिद्ध नाटककार महेंद्र मलंगिया द्वारा रचित यह नाटक केवल मनोरंजन का जरिया नहीं था, बल्कि इसने समाज की कई संवेदनशील और ज्वलंत समस्याओं को सीधे दर्शकों के सामने रखा। कहानी राजेश और माला नामक एक दंपती के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहाँ चिकित्सकीय कारणों से संतान सुख न मिल पाने के चलते माला को परिवार के भीतर तरह-तरह के ताने, झूठे लांछन और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। रूढ़िवादी सोच से प्रभावित सास एक छलिया ज्योतिषी के बहकावे में आकर ऐसा कुचक्र रचती है कि माला को घर से बाहर का रास्ता देखना पड़ता है और साथ ही बेटे की अपने सच्चे मित्र मुकेश से दोस्ती भी तुड़वा देती है।

इस पारिवारिक कलह और बिखराव के बीच राजेश गहरे अवसाद में डूब जाता है और नशे की लत का शिकार हो जाता है। नाटक का मोड़ तब आता है जब एक संवेदनशील चिकित्सक बिना बताए अन्य किसी बहाने से राजेश का सही उपचार करते हैं और समय के साथ घर में नन्हे मेहमान की किलकारी गूंजती है। इसके बाद छलिया ज्योतिषी का असली चेहरा बेनकाब होता है और वह सलाखों के पीछे पहुंचता है, जबकि सास को अपनी गलतियों और रूढ़िवादिता पर गहरा पश्चाताप व आत्मग्लानि होती है। यह कथानक महिला-सम्मान, अंधविश्वास से दूरी, नशे के दुष्परिणाम और टूटते पारिवारिक रिश्तों को संभालने का बेहद गहरा संदेश देता है।
देररात तक जमे रहे दर्शक: आंसुओं, ठहाकों और तालियों से गूंजा मंच
‘एक कमल नोर मे’ की खासियत इसकी जीवंतता और कलाकारों की सहज अदायगी रही। मैथिली रंगमंच में महेंद्र मलंगिया के नाटक अपनी भावप्रवणता, व्यंग्य और मानवीय संवेदनाओं के लिए जाने जाते हैं, और बोकारो के कलाकारों ने इस संवेदना को मंच पर पूरी गहराई से उतारा। नाटक का आलम यह था कि देररात तक दर्शक अपनी जगह से हिले तक नहीं। कहानी के संवेदनशील और मार्मिक दृश्यों में कई दर्शकों की आंखें नम हुईं, तो बीच-बीच में संवादों और स्थितियों पर ठहाके भी गूंजे। हर महत्वपूर्ण दृश्य के बाद तालियों की गड़गड़ाहट कलाकारों का उत्साह बढ़ाती रही।
मंच के पीछे और आगे चमके ये कलाकार व शिल्पी
इस यादगार नाट्य-प्रस्तुति के सूत्रधार बटोही कुमार रहे, जिन्होंने कथा के प्रवाह को बखूबी संभाला। नाटक में राजेश का मुख्य किरदार निभाने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी सुनील मोहन ठाकुर ने कुशल निर्देशन की कमान भी संभाली। माला की मार्मिक भूमिका में पूनम शैव्या और रूढ़िवादी सास के किरदार में पूनम चौधरी ने अपने अभिनय से जान फूंक दी, जबकि छलिया ज्योतिषी की भूमिका विवेकानंद झा ने प्रभावी ढंग से निभाई। अन्य प्रमुख पात्रों में मुकेश के रूप में आशुतोष झा, घर के नौकर की भूमिका में गिरिजानंद मिश्र और चिकित्सक के किरदार में रमण कुमार ठाकुर नजर आए।
मंच के पीछे की तकनीकी और कलात्मक टीम का योगदान भी उतना ही सराहनीय रहा। नाटक को पार्श्व संगीत शारदा झा एवं उमेश झा ने दिया, जबकि भावपूर्ण पार्श्वगीत चंद्रकांत मिश्र ने गाया और पार्श्वध्वनि का दायित्व रमण कुमार ठाकुर ने निभाया। प्रकाश निर्देशन अंकिता झा ने संभाला और मंच-सज्जा में गोविन्द झा एवं अविनाश झा की भूमिका उल्लेखनीय रही। कुल मिलाकर, ‘एक कमल नोर मे’ ने यह साबित कर दिया कि जब संवेदनशील कथा, सशक्त निर्देशन और समर्पित कलाकार एक साथ आते हैं, तो रंगमंच हर माध्यम को मात देते हुए सीधे दिलों में उतर जाता है।
-: JOIN US :-
FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL
