Classroom में गूंजेंगे किस्से, रोचक और आसान होगी पढ़ाई… DPS बोकारो में CBSE की कार्यशाला में शिक्षकों ने सीखे नए गुर

Mithila Varnan

‘Storytelling as a Pedagogy’ विषय पर क्षमता संवर्द्धन कार्यक्रम आयोजित

VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO
: पढ़ाई को रटने और बोझिल नियमों की जकड़न से आजाद कर उसे बच्चों की कल्पना और अनुभवों से जोड़ने की दिशा में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में एक महत्वपूर्ण क्षमता संवर्द्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के उत्कृष्टता केंद्र (सीओई), पटना के तत्वावधान में ‘स्टोरीटेलिंग एज अ पेडागॉजी’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को ऐसी रणनीतियों और साधनों से लैस करना था, जिससे वे विभिन्न विषयों के शिक्षण में कहानी कहने की कला को प्रभावी शैक्षणिक माध्यम के रूप में अपना सकें और कक्षाओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ा सकें। इस कार्यशाला में लगभग 60 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित जीजीपीएस, चास के वरिष्ठ शिक्षक अनुप दमियन जॉन और डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-12 के वरीय अध्यापक मनोज कुमार मिश्रा ने अपने ज्ञान और अनुभव से पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।

कहानी पढ़ाई से पलायन नहीं, बल्कि सीखने का सशक्त माध्यम : मनोज

कार्यशाला के दौरान हुए संवादात्मक सत्र में रिसोर्स पर्सन मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि कहानियां सीखने की प्रक्रिया का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। जब शिक्षक किस्सागोई के जरिए पढ़ाते हैं, तो विद्यार्थियों का विषय से जुड़ाव और उनकी भागीदारी एवं रचनात्मकता बढ़ती है, उनके संवाद-कौशल में निखार आता है और अंततः अच्छे परिणाम मिलते हैं। अन्य रिसोर्स पर्सन अनुप दमियन जॉन ने कहा कि एक विचारोत्तेजक कहानी निष्क्रिय श्रोताओं को सक्रिय प्रतिभागियों में बदल देती है और तार्किक एवं आलोचनात्मक सोच (क्रिटिकल थिंकिंग) को मजबूत करती है। हर कहानी कोमल मनों में ‘क्यों’ और ‘अगर ऐसा हो तो क्या होगा’ जैसे सवाल पैदा कर जिज्ञासा जगाती है।

गणित बनेगा पहेली, विज्ञान बनेगा रोचक गाथा

सत्र में शामिल शिक्षकों ने ऐसी गतिविधियों में हिस्सा लिया, जिन्होंने व्याकरण को खेल, विज्ञान को रोचक गाथा और गणित को रहस्य व कौतूहल में बदल दिया। इस दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि मुख्य ध्यान केवल इस पर नहीं होना चाहिए कि क्या पढ़ाना है, बल्कि इस पर होना चाहिए कि बच्चों को विषय का अनुभव कैसे कराया जाए और उसे उनके रोजमर्रा के जीवन से कैसे जोड़ा जाए। इसका आशय पाठ्यक्रम को छोड़ना नहीं, बल्कि अवधारणाओं की समझ और स्पष्टता को कथात्मक रूप में और गहरा करना है, ताकि तथ्य लंबे समय तक याद रहें। रिसोर्स पर्सन ने शिक्षकों को व्यावहारिक रूप से दिखाया कि कैसे इतिहास की कोई तारीख एक नाटक बन सकती है, विज्ञान का कोई सिद्धांत एक रोचक कथा का रूप ले सकता है और नैतिक मूल्यों को उपदेश के बजाय प्रेरणा के जरिए कैसे रोपा जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को यह भी याद दिलाया कि पंचतंत्र से लेकर शेक्सपियर तक, इतिहास के महानतम शिक्षक सबसे पहले बेहतरीन कहानीकार ही रहे हैं। शिक्षकों ने व्यावहारिक गतिविधियों और संवाद सत्रों में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

कल्पनाशीलता को नई ऊर्जा देती हैं कहानियां : प्राचार्य डॉ. गंगवार

शिक्षकों की अध्यापन क्षमता एवं विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षिक-प्रदर्शन की दिशा में ऐसे कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताते हुए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि कहानियां कहने की कला एक उन्नत शिक्षण रणनीति के तहत मूल दक्षताओं को निखारने का सशक्त माध्यम है। यह बच्चों को विषय से जोड़ने और कक्षा में पढ़ाई को संवादात्मक बनाने का प्रभावी जरिया है। इससे बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और स्मरण-शक्ति को नई ऊर्जा मिलती है।

-: JOIN US :-

FOR QUICK UPDATES, DO JOIN OUR WHATSAPP CHANNEL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *