ये मोती पहन लो और आंखें बंद करो… कहते ही लाखों के जेवर ले उड़ा था ठग, पुलिस ने यूं धर दबोचा

Mithila Varnan

जैनामोड़ में ‘माता के दर्शन’ कराने के नाम पर महिला से उतरवाए सोने का चैन और टॉप्स


बोकारो। जरीडीह थाना क्षेत्र के जैना गांव में तंत्र-मंत्र और चमत्कारिक मोती के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरप्रांतीय गिरोह की बड़ी करतूत का पर्दाफाश हुआ है। घटना 13 सितंबर 2026 की दोपहर लगभग सवा एक बजे की है, जब बांधगोडा साइड चास निवासी सुमिता देवी अपने भतीजे लालचंद महतो के जैना स्थित घर आई हुई थीं। इसी दौरान दो अज्ञात शातिर ठग पड़ोस के घर में घुस आए और सुमिता देवी को एक मोती जैसा पत्थर दिखाते हुए दावा करने लगे कि इसे धारण करते ही घर के सारे दोष, दुख-रोग दूर हो जाएंगे और अपार धन की प्राप्ति होगी। ठगों ने महिला को झांसा दिया कि उस पर माता का भयंकर दुष्प्रभाव है, जिसे दूर करने के लिए उसे अपने सोने के कान के टॉप्स और गले की चैन निकालकर जमीन पर रखनी होगी। इसके बाद शातिर अपराधियों ने महिला से आंखें बंद करके ‘ॐ’ का उच्चारण करने को कहा और वादा किया कि एक मिनट में माता के दर्शन होंगे और मोती भी मुफ्त मिल जाएगा।


खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

महिला के शोर मचाते ही भतीजे ने खदेड़ कर एक को दबोचा, गिरोह के 4 फरार साथियों के नाम उजागर

जैसे ही महिला आंखें बंद करके ‘ॐ’ का जाप करने लगी, दोनों शातिर ठग जमीन पर रखे सोने के गहने समेट कर बाइक से भागने लगे। सुमिता देवी को जैसे ही ठगी का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत ‘चोर-चोर’ चिल्लाकर अपने भतीजे लालचंद महतो को आवाज दी। भतीजे ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे बाइक सवार ठगों का पीछा किया और जैनामोड़ शराब दुकान के पास बाइक के पीछे बैठे एक ठग को पकड़कर सड़क पर गिरा दिया, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।


खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq


पकड़े गए अपराधी की पहचान इस्लाम (44 वर्ष), निवासी कुतुबपुर, नानौता, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपने फरार साथी असगर अली (लाहोरी शाह, उत्तराखंड) तथा गिरोह के अन्य सहयोगियों आबिद, अख्तर अली और आजाद उर्फ गेंडा उर्फ एजाज (सभी निवासी ठंडानाला, गदरपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) के नामों का सनसनीखेज खुलासा किया।


खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

सहारनपुर के शातिर ठग से जेवर व मोती बरामद, अंतरप्रांतीय रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना तुरंत जरीडीह पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से ठगी किया गया एक पतला सोने जैसा चैन, एक जोड़ी कान का टॉप्स और एक सफेद डिब्बे में रखा नकली चमत्कारिक मोती बरामद कर लिया है। वादी लालचंद महतो के लिखित आवेदन के आधार पर जरीडीह थाना में कांड संख्या 152/26 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी इस्लाम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


Join us on Telegram – t.me/mvarnan


पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर छत्तीसगढ़ के जगदलपुर, दुमका टाउन थाना और बोकारो के चास थाने में ठगी, चोरी और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *