मरने से पहले निकालने लगे अजीबोगरीब आवाजें, सियार के हमले के 35 दिन बाद तड़प-तड़पकर वृद्ध की मौत, रेबीज का फैला आतंक

Mithila Varnan

सीएचसी कसमार और सदर अस्पताल से वैक्सीन लेने के बाद भी नहीं बची जान, 14 दिनों के भीतर दो ग्रामीणों की मौत से हड़कंप

VARNAN DIGITAL DESK
BOKARO : बोकारो जिले के कसमार प्रखंड क्षेत्र से एक दिल नहला देने वाली और चिकित्सा जगत को हैरान करने वाली खबर सामने आई है। लगभग 36 दिन पूर्व एक खूंखार सियार के जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 75 वर्षीय वृद्ध राधा महतो की गुरुवार को दर्दनाक मौत हो गई। टांगटोना तेलियाडीह निवासी राधा महतो की मौत से ठीक पहले उनके शरीर में उभरे रेबीज के भयावह लक्षणों ने पूरे इलाके को गहरे खौफ में डाल दिया है। परिजनों के अनुसार, दम तोड़ने से कुछ घंटे पहले बुजुर्ग सामान्य इंसानी भाषा बोलने के बजाय अचानक अजीबोगरीब ढंग से सियार की तरह भयानक आवाजें निकालने और चीखने-चिल्लाने लगे थे। उल्लेखनीय है कि इसी घटना में घायल हुई दुर्गापुर पंचायत के ललमटिया निवासी बुधनी देवी की भी हमले के 22वें दिन (3 सितंबर) मौत हो चुकी थी। एक ही घटना के शिकार हुए दो ग्रामीणों की मात्र 14 दिनों के भीतर मौत हो जाने से कसमार के प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है।

खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq

खेत में काम करने के दौरान हुआ था हमला, रिम्स रांची ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मृतक के भतीजे फूलचंद महतो ने बताया कि बीती 12 अगस्त को खेत में काम करने के दौरान एक उग्र सियार ने अचानक राधा महतो पर हमला कर उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया था। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसमार और फिर सदर अस्पताल बोकारो ले गए, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) भी लगाई गई थी। प्राथमिक इलाज के बाद वे घर पर सामान्य रूप से रह रहे थे। लेकिन 17 सितंबर की अहले सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे असामान्य हरकतें करने लगे। रेबीज के उग्र लक्षण देखकर घबराए परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी कसमार ले गए, जहां से डॉक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रिम्स पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप, अन्य घायलों में फैला जान का खौफ; वन विभाग से मदद की गुहार

वैक्सीन लगने के बावजूद रेबीज संक्रमण से दो ग्रामीणों की मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। 12 अगस्त को उसी सियार के हमले का शिकार हुए अन्य घायलों और उनके परिजनों के बीच अपनी जिंदगी को लेकर भारी चिंता और खौफ व्यापत हो गया है। ग्रामीणों ने बोकारो जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पुरजोर मांग की है कि कसमार के प्रभावित इलाकों में तुरंत विशेष मेडिकल टीम भेजकर सभी घायलों की गहन जांच कराई जाए और उन्हें उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराया जाए। इसके साथ ही ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय खूंखार वन्यजीवों से सुरक्षा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की गुहार लगाई है।

खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *