ससुर के साथ चल रहा था जमीन का झगड़ा, तो दामाद को उतार दिया मौत के घाट, कोका हत्याकांड का खुलासा; दो गिरफ्तार

Mithila Varnan

बोकारो के चंदनकियारी में ससुर के श्राद्धकर्म में आए दामाद की रच दी गई खूनी साजिश

VARNAN DIGITAL DESK
चंदनकियारी (बोकारो) :
ससुर की जमीन पर कब्जे और उससे जुड़े पुराने जमीनी विवाद की खूनी रंजिश में दामाद कोंका गोप की बेरहमी से हत्या कर दी गई। ससुर के ब्रह्मभोज की तैयारियों के बीच ही रिश्तेदारों ने रची ऐसी साजिश कि किसी को भनक तक नहीं लगी और अंततः झाड़ियों से बदबू मारता सड़ांध शव बरामद हुआ। चंदनकियारी प्रखंड के बरमसिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत घटित इस चर्चित अंधेकत्ल के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों—मृतक के चचेरे साले भागीरथ गोप और उसके सहयोगी भूदेव गोप को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq


खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

सहायक पुलिस अधीक्षक (सदर), चास वेदांत शंकर के कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार, बरमसिया ओपी कांड संख्या 106/2026 (धारा 103(1), 238(A), 3(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023) का त्वरित अनुसंधान करते हुए पुलिस ने मुख्य अभियुक्त भागीरथ गोप (36 वर्ष, पिता- लंबू गोप, साकिन- उरांवडीह) तथा भूदेव गोप (32 वर्ष, पिता- मंटू गोप, साकिन- चढ़ियाभीठा) को 18 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस हिरासत में कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी भागीरथ गोप ने अपना जुर्म कबूल करते हुए स्वीकारोक्ति बयान में बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक कोंका गोप के ससुर शंभू गोप के साथ उसका काफी समय से गंभीर जमीन विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने आरोपी भूदेव गोप की मदद से साजिश रचकर कोंका गोप को रास्ते से हटाने के लिए उसकी निर्मम हत्या कर दी।


खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

ससुर के श्राद्ध में आया था दामाद, खस्सी खरीदने निकला तो फिर नहीं लौटा

घटनाक्रम की शुरुआत 11 सितंबर से हुई, जब पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया निवासी कोंका गोप (अधेड़) अपने दिवंगत ससुर के श्राद्धकर्म में शामिल होने बरमसिया के उरांवडीह पहुंचे थे। मृतक के ससुर का कोई पुत्र नहीं था, जिससे जमीन हड़पने की नीयत विरोधियों की और बढ़ गई थी। 12 सितंबर को ब्रह्मभोज के लिए खस्सी खरीदने के बहाने कोंका गोप को रिश्तेदार अपने साथ ले गए, जिसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए। परिजनों द्वारा अंतिम बार उन्हें आरोपी भूदेव गोप के साथ देखा गया था। खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने पर 14 सितंबर को परिजनों ने बरमसिया ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

खालिस नदी किनारे झाड़ियों से मिला सड़ांध शव, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड ने जुटाए सबूत

गुरुवार की सुबह चढ़ियाभीठा गांव के पास खालिस नदी के किनारे झाड़ियों से आ रही तीव्र दुर्गंध के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बरमसिया ओपी पुलिस ने कोंका गोप का सड़ा-गला शव बरामद किया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए खोजी कुत्ते (डॉग स्क्वायड) और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

मृतक के पुत्र रोहित गोप के लिखित आवेदन पर बरमसिया ओपी में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर ओपी प्रभारी शैलेंद्र पासवान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया।

घटना का सफल खुलासा करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने वाली छापामारी टीम में मुख्य रूप से पु०अ०नि० शैलेंद्र पासवान (ओपी प्रभारी, बरमसिया ओपी), पु०अ०नि० महेंद्र राणा हवलदार शंभू मंडल, आरक्षी मनोज कुमार मिश्रा, चौकीदार मिलन कुमार राय शामिल रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *