संवाददाता
बोकारो। आगामी 9 एवं 10 सितंबर को प्रस्तावित यूजीसी-नेट (UGC-NET) जून 2026 परीक्षा को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित डिस्ट्रिक्ट लेवल कोऑर्डिनेशन कमेटी (DLCC) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि बोकारो जिले में परीक्षा का आयोजन चास के चंदनकियारी रोड, ग्राम खमारबेन्दी स्थित आयन डिजिटल जोन (iON Digital Zone) परीक्षा केंद्र पर किया जाएगा, जहाँ परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R
NTA एसओपी का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य, पावर कट रोकने के लिए कड़े निर्देश
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी परिस्थिति में बिजली की आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए केंद्र पर हैवी जेनरेटर और पावर बैकअप की पुख्ता व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए। इसके साथ ही, ऑनलाइन परीक्षा संचालन से जुड़े टीसीएस (TCS) के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर तकनीकी नेटवर्क, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की स्पष्ट हिदायत दी गई ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
अधिकारियों की स्पेशल टीम करेगी सेंटर का ऑडिट, पुलिस संभालेगी सुरक्षा का मोर्चा
परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला सूचना पदाधिकारी धनंजय कुमार और एनटीए के सिटी कोऑर्डिनेटर कुमार नाथ झा की एक संयुक्त टीम का गठन किया है। इस टीम को परीक्षा केंद्र का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सघन ऑडिट करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए गए हैं। इस उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीपीआरओ मो. शफीक आलम, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह और प्रशिक्षु समाहर्ता सहित कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और यातायात को सुचारू रखने के लिए मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
