डीवीसी की बोकारो थर्मल सिक्स यूनिट स्थित 4 व 5 नंबर भवन घोषित हुए खतरनाक; नए ठिकाने ‘भेल हाउस’ पर अवैध कब्जे से अटका जवानों का पुनर्वास
VARNAN DIGITAL DESK
बोकारो थर्मल। दामोदर घाटी निगम (DVC) बोकारो थर्मल की सुरक्षा में मुस्तैद औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की जिंदगियों पर इस वक्त मौत का साया मंडरा रहा है। सिक्स यूनिट परिसर में स्थित सीआईएसएफ जवानों के रहने योग्य 4 और 5 नंबर आवासीय डॉरमेट्री भवनों की स्थिति इस कदर जर्जर और खौफनाक हो चुकी है कि वहां कभी भी कोई भयानक हादसा हो सकता है। जर्जर हो चुकी इमारतों की छतों से प्लास्टर टूटकर गिर रहे हैं, छज्जे लटक चुके हैं और पिलर की कंक्रीट उखड़ रही है। सो रहे जवानों के सिर पर हर पल मौत का खतरा मंडरा रहा है। स्थिति की विभीषिका को भांपते हुए डीवीसी के भू-संपदा विभाग ने आखिरकार दोनों डॉरमेट्री भवनों को पूरी तरह खतरनाक घोषित करते हुए अविलंब खाली करने का आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है।
खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq
पुरानी इमारतों को ध्वस्त करने की तैयारी, लेकिन नए आवंटित कमरों पर असामाजिक तत्वों का कब्जा
डीवीसी प्रबंधन की योजना इन मौत के कुओं में तब्दील हो चुके पुरानी इमारतों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त करने की है। इसके लिए यहां रह रहे सैकड़ों जवानों को बोकारो क्लब दुर्गा मंडप के पास स्थित भेल हाउस (BHEL House) और सब्जी मंडी के समीप निर्मित ओडीटी (ODT) परिसर में शिफ्ट किया जाना तय किया गया है। हालांकि, डीवीसी के इस पुनर्वास प्लान के आगे एक बड़ी और रहस्यमयी बाधा आ खड़ी हुई है। नए आवंटित परिसरों के दर्जनों कमरों पर लंबे समय से असामाजिक तत्वों ने अवैध कब्जा जमा रखा है। इस दबंगई और अवैध कब्जे के कारण जवानों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
CISF अधिकारियों ने अपनाया कड़ा रुख: कहा- पहले खाली कराएं नए क्वार्टर, फिर होगा शिफ्टिंग
अपनी सुरक्षा और जान-माल के खतरे से चिंतित सीआईएसएफ के उच्च अधिकारियों ने अब डीवीसी प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सीआईएसएफ कमान ने डीवीसी प्रबंधन और स्थानीय पुलिस प्रशासन से दो टूक मांग की है कि भेल हाउस और ओडीटी परिसरों से अवैध कब्जाधारियों को पुलिस बल के सहयोग से तुरंत खदेड़ा जाए।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
जवानों का कहना है कि जब तक नए आवंटित क्वार्टर कब्जामुक्त नहीं कराए जाते, तब तक मजबूरी में उन्हें इन जर्जर और कभी भी ढह जाने वाली इमारतों में रात गुजारनी पड़ रही है। सीआईएसएफ ने चेतावनी भरे लहजे में प्रबंधन से बिना किसी ढिलाई के तुरंत बुलडोजर कार्रवाई कर जवानों के सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
