बोकारो में पले-बढ़े प्रवीण बने SAIL के वित्त निदेशक, PSEB ने 10 दिग्गजों को पछाड़कर की सिफारिश
VARNAN DIGITAL DESK
बोकारो। इस्पातनगरी बोकारो की पावन माटी और यहां के सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता का परचम एक बार फिर पूरे देश में लहराया है। महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के शीर्ष खजाने की चाबी अब बोकारो के एक ऐसे होनहार ‘लाल’ के हाथों में होगी, जिसने अपने करियर की शुरुआत बेहद साधारण तरीके से की थी। लोक उद्यम चयन बोर्ड (PSEB) द्वारा 21 सितंबर 2026 को आयोजित उच्च स्तरीय चयन प्रक्रिया में देश भर से आए 10 दिग्गज अधिकारियों के इंटरव्यू के बाद प्रवीण कुमार राय के नाम की सेल के नए निदेशक (वित्त) पद के लिए आधिकारिक सिफारिश की गई है। बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के पूर्व कर्मी व धनडाबरा (वर्तमान साबड़ा/कांड्रा विस्थापित क्षेत्र) निवासी अनिल कुमार राय के पुत्र प्रवीण राय वर्तमान में भिलाई स्थित सेल के ईआरपी सेंटर में महाप्रबंधक (GM) के पद पर तैनात हैं। अब कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) से अंतिम मंजूरी मिलते ही वे जीएम से सीधे ‘सेल’ के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होकर वित्त निदेशक का पदभार संभालेंगे। वर्तमान में सेल के सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा के पास निदेशक (वित्त) का अतिरिक्त प्रभार है।
बरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq
S-3 ग्रेड से शुरू की थी नौकरी: पढ़ाई के दम पर भद्रावती से बोकारो तक जमाई धाक, युवाओं के लिए बने मिसाल
प्रवीण कुमार राय की यह ऐतिहासिक सफलता देश के उन तमाम युवाओं और कर्मचारियों के लिए एक जीवंत मिसाल है, जो सीमित संसाधनों के बीच बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देखते हैं। प्रवीण राय ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत बोकारो स्टील प्लांट में ही नॉन-एग्जीक्यूटिव (S-3 श्रेणी) के रूप में एक बेहद छोटे पद से की थी। इसके बाद उन्होंने भद्रावती स्टील प्लांट में अपनी सेवाएं दीं और वर्ष 2001 में प्रतियोगिता परीक्षा उत्तीर्ण कर पुनः बोकारो स्टील प्लांट में जूनियर मैनेजर (फाइनेंस) के रूप में अधिकारी वर्ग में प्रवेश किया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा BSL +2 स्कूल (सेक्टर-11 व 8) से पूरी की थी। नौकरी में रहते हुए भी उन्होंने कॉस्टिंग और वित्तीय प्रबंधन में उच्च व्यावसायिक डिग्रियां हासिल कीं। अपनी निष्ठा और तकनीकी दक्षता से उन्होंने कॉस्टिंग, फंड मैनेजमेंट, रियल एस्टेट तथा ईआरपी जैसे जटिल क्षेत्रों में महारत हासिल की और सफलता की सीढ़ियां चढ़ते हुए शीर्ष पद तक पहुंचे।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
शहर से गांव तक जश्न का माहौल: ढोल-नगाड़ों के साथ बांटी गई मिठाइयां, BSL वित्त विभाग में भी मना उत्सव
चंदनकियारी के छोटे से विस्थापित गांव धनडाबरा से निकलकर, विस्थापन का दर्द झेलने के बाद चास के कांड्रा और फिर साबड़ा गांव में बसे इस परिवार की सफलता पर पूरे बोकारो जिले में खुशी का तूफान उमड़ पड़ा है। बोकारो के सेक्टर-4जी स्थित उनके पिता के आवास और पैतृक गांव साबड़ा में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मिठाइयां बांटी जा रही हैं।
उधर, खबर फैलते ही बोकारो स्टील प्लांट के वित्त विभाग (Finance Dept) में अधिकारियों और कर्मचारियों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। बोकारो स्टील ऑफिसर्स एसोसिएशन के अधिकारियों ने भी खुशी जताते हुए कहा कि एक साधारण विस्थापित परिवार के बेटे का नॉन-एग्जीक्यूटिव से करियर शुरू कर देश की महारत्न कंपनी के डायरेक्टर (फाइनेंस) पद तक पहुंचना पूरे सेल परिवार और बोकारो की माटी के लिए सर्वोच्च सम्मान की बात है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
