SP ने बजाया मांदर और झूम-झूम थिरके DC, बोकारो थर्मल में करम महोत्सव की धूम

Mithila Varnan

स्वामी विवेकानंद मैदान में प्रकृति पर्व का महा-उत्सव, विधि-विधान से हुई करम राजा की पूजा

पारंपरिक झूमर गीतनात व नृत्य पर झूम उठे खास-ओ-आम

VARNAN DIGITAL DESK

बोकारो थर्मल। प्रकृति संरक्षण, बहन-भाई के पवित्र प्रेम और अटूट सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक लोक पर्व ‘करम’ मंगलवार को बोकारो जिले में पूरे भव्य और अलौकिक अंदाज में मनाया गया। सांस्कृतिक निदेशालय झारखंड (रांची) और बोकारो जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में जिला स्तरीय करम महोत्सव का आयोजन किया गया, जो मांदर की गूंज और झूमर गीतों से सराबोर रहा। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और प्रोबेशनर आईएएस अधिकारी राधा कृष्णन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन स्थल पर पहुंचते ही जेएसएलपीएस की दीदियों ने पारंपरिक लोटा-पानी और चंदन-तिलक लगाकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद अधिकारियों ने अखरा की पवित्र परंपरा के तहत पूरी निष्ठा और विधि-विधान से करम वृक्ष की पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख, शांति और लहलहाती फसलों की मंगल कामना की।

खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcq

अफसरों ने भुलाया प्रशासनिक ओहदा, ग्रामीणों का हाथ थामकर अधिकारियों ने लगाए ठुमके

पूजा-अर्चना समाप्त होते ही स्वामी विवेकानंद मैदान में मांदर की थपकियों और बांसुरी की धुनों पर लोक संस्कृति का ऐसा रंग चढ़ा कि प्रशासनिक प्रोटोकॉल की दीवारें ढह गईं। बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा ने जब अपने हाथों में मांदर थामकर उसकी थाप छेड़ी, तो उपायुक्त अजय नाथ झा, सीओ और अन्य वरीय अधिकारी खुद को रोक नहीं सके। अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों और कलाकारों का हाथ थामकर पारंपरिक अखरा में मांदर की थाप पर कदम से कदम मिलाकर जमकर झूमर नृत्य किया। प्रशासनिक प्रमुखों को इस तरह आम जनता के साथ अपनी माटी के पर्व में लीन होकर थिरकते देख पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट और करम गीतों के जयकारों से गूंज उठा। यानी हर खास-ओ-आम इस प्रकृति-पर्व में झूमते रहे।

खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

बोले उपायुक्त अजय नाथ झा- करम पर्व झारखंड की आत्मा और जीवनशैली है

समारोह में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि करम पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा, जीवनशैली और प्रकृति से इंसानी जुड़ाव का अनुपम प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अमूल्य लोक धरोहर को संजोना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

बोकारो थर्मल में माताओं, बहनों और युवाओं के अभूतपूर्व उत्साह ने ‘हमारी संस्कृति, हमारी पहचान’ के संकल्प को साकार कर दिया है। आयोजन के दौरान सुरक्षा चाक-चौबंद रही। बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार, गांधी नगर थाना प्रभारी धनंजय सिंह तथा कथारा ओपी प्रभारी राहुल राम दल-बल के साथ मुस्तैद रहे। कार्यक्रम में बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, सीओ संजीत कुमार सिंह, बेरमो प्रमुख गिरिजा देवी, जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो समेत हजारों की संख्या में ग्रामीण और डीवीसी अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *