बीएसएल के एसएमएस- 2 व सीसीएस विभाग ने रचा उत्पादन का नया कीर्तिमान: तोड़े कई पुराने रिकॉर्ड

बोकारो ः बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 एवं सीसीएस विभाग ने उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता और मजबूत टीम भावना का परिचय देते हुए अगस्त 2026 में ऐतिहासिक उत्पादन रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। विभाग ने अगस्त माह में अब तक का सर्वश्रेष्ठ कुल 3,34,310 टन उत्पादन दर्ज कर नया मील का पत्थर हासिल किया है। इससे पहले अगस्त 2018 में 3,04,251 टन का रिकॉर्ड बना था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है। इस उपलब्धि के पीछे शॉप-फ्लोर स्तर पर परिचालन निरंतरता, तकनीकी अनुशासन, सुरक्षा और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन मुख्य आधार रहा। इस अभूतपूर्व सफलता के दौरान 14 अगस्त 2026 को एक ही दिन में सर्वाधिक 46 हीट्स ब्लो करने का नया दैनिक रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इससे पहले फरवरी 2025 में 45 हीट्स का रिकॉर्ड बना था। इसके साथ ही विभाग ने 285 टन का अब तक का उच्चतम मासिक औसत हीट वेट हासिल किया, जो जनवरी 2025 के 283.2 टन के आंकड़े से अधिक है। लॉजिस्टिक्स और डिस्पैच में भी नया कीर्तिमान बनाते हुए अगस्त महीने में 14,800 से अधिक स्लैब्स का रिकॉर्ड प्रेषण किया गया, जिसने मार्च 2026 के 14,622 स्लैब्स के पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।

रिफ्रैक्ट्री प्रबंधन और सबसे लंबा अनुक्रम पूरा कर बनाई नई मिसाल
तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक उत्कृष्टता को आगे बढ़ाते हुए विभाग ने 12 से 15 अगस्त 2026 के बीच 2 फ्लाइंग टंडिश के साथ 67 हीट्स का सबसे लंबा अनुक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया। इसके अलावा 29 हीट्स की उच्चतम टंडिश लाइफ प्राप्त कर रिफ्रैक्ट्री प्रबंधन में भी नई मिसाल कायम की गई है। शीर्ष प्रबंधन ने इस असाधारण सफलता पर एसएमएस-2 एवं सीसीएस की पूरी टीम के समन्वित प्रयासों और निष्ठा की जमकर सराहना की है। यह ऐतिहासिक सफलता बोकारो इस्पात संयंत्र की परिचालन उत्कृष्टता, प्रक्रिया दक्षता और उत्पादन क्षमता को लगातार बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। तकनीकी नवाचारों, बेहतर तालमेल और कर्मचारियों के समर्पण से हासिल ये नए कीर्तिमान संयंत्र की उत्पादकता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ सेल के समग्र विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में बेहद मददगार साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *